ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी बाइक, मौके पर गई दो जिंदगियां, हेलमेट पहने थे फिर भी नहीं बची जान
बरेली : नए साल की खुशियां मनाने निकले दो जिगरी दोस्तों की सांसें रास्ते में ही थम गईं। बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नैनीताल हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मुंडिया टोल प्लाजा से पहले उस वक्त हुआ, जब उनकी बाइक सामने चल रही ट्रैक्टर -ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि दोनों युवक सड़क पर गिरते ही अचेत हो गए, और कुछ ही पलों में उन्होंने दम तोड़ दिया।घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
घर से निकले थे खुशी-खुशी
हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मोहम्मद सैफ (20 वर्ष), और मोहम्मद महताब (23 वर्ष) निवासी मोहल्ला गोदाम, बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक दोनों युवक बाइक से नैनीताल जाकर नए साल का जश्न मनाने निकले थे। घर से निकलते समय किसी को अंदेशा तक नहीं था कि यह उनकी आखिरी यात्रा साबित होगी।
हेलमेट पहना था, रफ्तार भी सामान्य… फिर भी नहीं बची जान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार बहुत तेज नहीं थी और दोनों युवक हेलमेट पहने हुए थे। इसके बावजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई सीधी टक्कर ने उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया। टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों के सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाईवे पर कुछ देर रुका ट्रैफिक, पुलिस ने संभाला मोर्चा
इस घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित कराया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
मोहल्ले में मातम, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
जैसे ही हादसे की खबर मोहल्ला गोदाम में पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग दोनों युवकों को मिलनसार और मेहनती बता रहे हैं। एक साथ दो युवाओं की मौत से पूरा इलाका सदमे में है।
