बरेली : नए साल के जश्न को लेकर बरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ चेतावनी दी है कि न्यू ईयर सेलिब्रेशन के नाम पर किसी भी तरह का हुड़दंग, अनुशासनहीनता या ट्रैफिक जाम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि सभी आयोजकों और आम नागरिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर शोर -शराबा, सड़क पर जाम लगाना, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी या किसी तरह का गलत व्यवहार न किया जाए। यदि कोई व्यक्ति या समूह कानून व्यवस्था में बाधा डालता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
31 दिसंबर और 1 जनवरी को लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
नए साल के मौके पर शहर में बढ़ने वाली भीड़ और आयोजनों को देखते हुए यातायात पुलिस ने 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर सभी भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था

बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन भमोरा, देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर, बड़ा बाईपास होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक जाएंगे। बदायूं से लखनऊ, शाहजहांपुर व पीलीभीत जाने वाले वाहन देवचरा चौराहे से दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, बड़ा बाईपास होकर जाएंगे। लखनऊ और शाहजहांपुर से बदायूं जाने वाले वाहन फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा चौराहा, भमोरा होकर जाएंगे। पीलीभीत और नैनीताल से बदायूं जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा चौराहा, भमोरा के रास्ते जाएंगे। दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से बदायूं जाने वाले वाहन झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा चौराहा, भमोरा होते हुए जाएंगे। लखनऊ और शाहजहांपुर से दिल्ली, रामपुर और मुरादाबाद जाने वाले वाहन फतेहगंज पूर्वी, बड़ा बाईपास, विलयधाम, विल्वा, झुमका तिराहा होकर जाएंगे।
चौराहों पर तैनात रहेगा भारी पुलिस बल
थाना प्रभारियों को दिया जिम्मा
नए साल पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। सीबीगंज थाना प्रभारी को झुमका तिराहा, इज्जतनगर थाना प्रभारी को विलवा, विलयधाम और लालपुर गांव कट, बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी को नवदिया झादा और इन्वर्टिस तिराहा, कैंट थाना प्रभारी को बुखारा मोड़, सुभाषनगर थाना प्रभारी को रामगंगा तिराहा, इन स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी, ताकि भारी वाहन शहर में प्रवेश न कर सकें और यातायात व्यवस्था बनी रहे।
जानें पुलिस ने क्या की अपील
बरेली पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि नए साल का जश्न शांति, सुरक्षा और नियमों के तहत मनाएं, ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का उद्देश्य है कि नया साल सभी लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मना सकें।
