बरेली : नए साल में बरेली के हवाई यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मार्च के अंत तक बरेली से नवी मुंबई के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है।नवी मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ान के लिए स्लॉट और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) भी मिल चुका है। घरेलू उड़ानों में ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में बरेली एयरपोर्ट को प्रदेश में पहली और देश में सातवीं रैंक मिलने के बाद नई उड़ानों की संभावनाएं और मजबूत हो गई हैं।
बरेली-नवी मुंबई रूट पर जल्द उड़ान
फिलहाल बरेली से मुंबई के लिए अंधेरी एयरपोर्ट तक उड़ान संचालित की जा रही है, लेकिन अब मार्च 2026 के अंत तक बरेली-नवी मुंबई एयरपोर्ट के बीच भी उड़ान शुरू हो जाएगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने 180 सीटर विमान की जगह 232 सीटर एयरबस A-321 का संचालन शुरू कर दिया है।
बरेली एयरपोर्ट से अभी कितनी उड़ानें
वर्तमान में बरेली एयरपोर्ट से मुंबई के लिए सप्ताह में 4 दिन बंगलूरू के लिए सप्ताह में 3 दिन उड़ानें संचालित हो रही हैं। बंगलूरू के लिए सीधी ट्रेन नहीं है, जबकि मुंबई के लिए उपलब्ध ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में हवाई यात्रा यात्रियों की मजबूरी और प्राथमिकता दोनों बनती जा रही है। कुशीनगर, लखनऊ और दिल्ली के लिए भी तैयारी हैं। बरेली से कुशीनगर के लिए उड़ान शुरू करने की औपचारिकताएं भी पूरी की जा रही हैं। इसके साथ ही बरेली -लखनऊ-दिल्ली रूट पर नई उड़ान का खाका तैयार हो चुका है। इस उड़ान के लिए जेट एयरविंग्स से अनुबंध की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद दिल्ली और लखनऊ के लिए उड़ानें जल्द हकीकत बनेंगी।
10 उड़ानें रद्द होने के बाद भी टॉप रैंक
दिसंबर माह में कोहरे और तकनीकी कारणों से बरेली-बंगलूरू और बरेली- मुंबई की 10 उड़ानें निरस्त हुई थीं। इसके बावजूद ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण में बरेली एयरपोर्ट को
उत्तर प्रदेश में पहला स्थान
देशभर में सातवां स्थान मिला है। यह सर्वे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा जुलाई से दिसंबर के बीच कराया गया था। बरेली एयरपोर्ट के विस्तार की प्रक्रिया भी तेज हो गई है। 23.55 एकड़ भूमि का अधिग्रहण सितंबर में पूरा हो चुका है। वायुसेना और सरकारी भूमि को सिविल एन्क्लेव के लिए हस्तांतरित किया गया। नया टर्मिनल भवन समेत अन्य कार्य मार्च 2027 तक पूरे किए जाएंगे
AAI निदेशक का बयान
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, सिविल एन्क्लेव बरेली के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि बरेली-नवी मुंबई उड़ान के लिए NOC और स्लॉट मिल चुके हैं और मार्च के अंत तक उड़ान शुरू करने की तैयारी है। दिल्ली-लखनऊ रूट के लिए जेवर एयरपोर्ट पर स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। 2026 में कई नई उड़ानों के शुरू होने की उम्मीद है।
