बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एजाज नगर गोटिया में नूरी मस्जिद के पास स्थित एक दो मंजिला फर्नीचर कारखाने में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटों के साथ घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। हालात ऐसे बन गए कि आसपास के लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।
आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि पूरा इलाका दहल उठा और चीख -पुकार मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
सुबह 10 बजे लगी आग, कुछ ही देर में बना आग का गोला
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे फर्नीचर कारखाने से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। यह कारखाना नवादा शेखान निवासी यामीन द्वारा संचालित किया जा रहा था। कारखाने में बड़ी मात्रा में तैयार फर्नीचर और कच्ची लकड़ी रखी हुई थी, जो आग लगते ही धू-धू कर जलने लगी। लकड़ी और फर्नीचर के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और पूरा भवन कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गया
कई दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आसपास के मकानों को बचाने के लिए मोर्चा संभाला और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के इलाकों को भी अलर्ट किया गया था, ताकि आग अन्य घरों तक न फैल सके। दमकल विभाग के अनुसार, यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
50 से 70 लाख रुपये के नुकसान की आशंका
इस भीषण अग्निकांड में कारखाने में रखा पूरा फर्नीचर और कच्चा माल जलकर राख हो गया। मालिक के मुताबिक शुरुआती आकलन में करीब 50 से 70 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो, हालांकि अन्य कारणों से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने जांच शुरू कर दी है।
