बरेली: थाना देवरनिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 500 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई है।
चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार थाना देवरनिया की पुलिस टीम भोपतपुर रोड स्थित ढकिया तिराहे पर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पैदल से सेमीखेड़ा की ओर आता दिखाई दिया। संदिग्ध गतिविधि के चलते पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
500 ग्राम अवैध चरस बरामद
पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 500 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रवेश बाबू, निवासी ग्राम ढकिया खैरुद्दीन, थाना नवाबगंज का बताया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बीए तक पढ़ा-लिखा है और खेती-बाड़ी करता है। खेती से पर्याप्त आमदनी न होने के कारण वह चरस बेचकर अतिरिक्त कमाई करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि बरामद चरस को वह अपने गांव में बेचने के लिए ले जा रहा था और पैसों के लालच में इस अवैध धंधे में शामिल हुआ।
