रामपुर : जिला कारागार में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खां से मिलने उनकी पत्नी तजीन फात्मा जेल पहुंचीं। मुलाकात के बाद उन्होंने आज़म खां की सेहत को लेकर जानकारी दी। तजीन फात्मा ने बताया कि आज़म खां की तबीयत में फिलहाल कोई खास बदलाव नहीं है और उनकी स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है। उम्र और लंबे समय से चल रहे इलाज को देखते हुए परिवार उनकी सेहत को लेकर सतर्क है। उन्होंने कहा कि परिवार लगातार डॉक्टरों और जेल प्रशासन के संपर्क में है और स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। हालांकि तजीन फात्मा ने सेहत से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की लड़ाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि आज़म खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आज़म रामपुर की जिला जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं। दोनों को दो पैन कार्ड मामले में सात-सात साल की सजा और 50-50 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई गई है। यह मामला वर्ष 2019 में सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराया गया था। शिकायत शहर विधायक आकाश सक्सेना की ओर से की गई थी, जिसमें दो पैन कार्ड रखने का आरोप लगाया गया था।
17 नवंबर को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट के न्यायाधीश शोभित बंसल ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद फैसला सुनाते हुए माना कि अब्दुल्ला आज़म ने दो पैन कार्ड बनवाए और उनसे लाभ भी लिया। इसी आधार पर अदालत ने अब्दुल्ला आज़म और उनके पिता आज़म खां को दोषी ठहराते हुए सात-सात साल की कैद और आर्थिक दंड की सजा सुनाई। तब से दोनों नेता रामपुर जिला कारागार में बंद हैं।
