सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सेना की फायरिंग रेंज में प्रैक्टिस के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में चार जवान घायल हो गए। घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ धुएं का गुबार फैल गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को सेना की एक बटालियन सहारनपुर स्थित फायरिंग रेंज में नियमित अभ्यास के लिए पहुंची थी। शाम करीब 5 बजे प्रैक्टिस के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। ब्लास्ट में दीपक (27), सुरेश (45), प्रवीण (30) और पवित्र (35) घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर पास में मौजूद अन्य जवान तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायलों की मदद की।
घटना की सूचना तुरंत सीनियर अधिकारियों को दी गई। मौके पर एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायल जवानों को बेहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चारों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। इलाज के दौरान दीपक और सुरेश की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर स्थिति में सहारनपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है, जबकि बाकी दो जवानों का सीएचसी में इलाज जारी है।
ब्लास्ट की जानकारी मिलते ही सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और वहां मौजूद जवानों से पूछताछ की गई। जांच टीम ने मौके से सैंपल जुटाकर लैब जांच के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि धमाका किस कारण हुआ। सेना की ओर से पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
वहीं, एक दूसरी दुखद खबर वाराणसी से सामने आई है। यहां एक पीसीएस अधिकारी के परिवार पर बड़ा हादसा टूट पड़ा। ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाकर सोए परिवार के छह लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में अधिकारी के मासूम बेटे-बेटी, सास और साढ़ू के बच्चे शामिल हैं। इस घटना में पीसीएस अफसर की पत्नी और साले-साली की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पीसीएस अधिकारी की पत्नी बच्चों के साथ छुट्टियां मनाने बिहार के छपरा गई थीं। शुक्रवार रात परिवार ने कमरे में अंगीठी जलाकर सोने का फैसला किया, लेकिन देर रात दम घुटने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह जब परिजनों ने दरवाजा नहीं खोला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर कई लोग बेसुध मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
