बरेली : एन.ई. रेलवे मजदूर यूनियन का 65वां वार्षिक अधिवेशन आगामी 28 दिसंबर 2025 (रविवार) को बरेली स्थित मैत्री सामुदायिक केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। इस अधिवेशन को लेकर इज्जतनगर मंडल के रेल कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:00 बजे से होगी। एन.ई. रेलवे मजदूर यूनियन के केन्द्रीय अध्यक्ष बसन्त चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महत्वपूर्ण अधिवेशन का उद्घाटन ऑल इंडिया रेलवेमेन्स फेडरेशन (AIRF) एवं नेशनल ज्वाइंट काउंसिल ऑफ एक्शन (NJCA) के महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा करेंगे। वे सुबह 10:30 बजे मैत्री सामुदायिक केन्द्र पहुंचकर अधिवेशन का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
कर्मचारियों की लंबित मांगों पर मंथन
अधिवेशन के दौरान देशभर के केन्द्रीय कर्मचारियों से जुड़ी ज्वलंत और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से आठवां वेतन आयोग, पुरानी पेंशन योजना की बहाली,कर्मचारियों के सेवा हित और सामाजिक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं। बसंत चतुर्वेदी ने कहा कि यह अधिवेशन कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। कई मंडलों से पहुंचेंगे सैकड़ों डेलीगेट इस अधिवेशन में इज्जतनगर मंडल के अलावा वर्कशॉप इज्जतनगर, लखनऊ, बनारस और गोरखपुर मंडल से भी सैकड़ों रेल कर्मचारी और डेलीगेट शामिल होंगे। इससे यह अधिवेशन एक बड़ा कर्मचारी सम्मेलन का रूप लेगा।
तैयारियों में जुटे यूनियन पदाधिकारी
अधिवेशन की तैयारियों में मंडल के कई कर्मठ कॉमरेड सक्रिय रूप से जुटे हैं। इनमें प्रमुख रूप से सुरेन्द्र सिंह मलिक, रोहित सिंह, राकेश कुमार, मोहम्मद यूनुस, जितेन्द्र कुमार, दीपक कुमार जौहरी, कुलदीप, आराम सिंह, हरपाल सिंह यादव, विप्रेन्द्र ठाकुर, संजय त्यागी, एस.एस. चौहान, बृजभूषण, विनीत कुमार (माकू), रामनाथ और रविशंकर राव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि यह अधिवेशन रेल कर्मचारियों की एकजुटता और अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
