बरेली: पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल कार्यालय में राजभाषा हिन्दी से जुड़ी तिमाही समीक्षा बैठक और हिन्दी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक सितंबर की तिमाही को लेकर थी, जिसकी अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने की।
कार्यालयों में हिन्दी का माहौल लगातार बेहतर
बैठक को संबोधित करते हुए डीआरएम वीणा सिन्हा ने कहा कि इज्जतनगर मंडल में हिन्दी के प्रयोग को लेकर सकारात्मक माहौल बना है। अब अधिकांश सरकारी पत्राचार और टिप्पणियां हिन्दी में की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हिन्दी एक सरल और सशक्त भाषा है और मीडिया व इंटरनेट के दौर में इसका दायरा तेजी से बढ़ा है।
कर्मचारियों को हिन्दी के अधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करने पर जोर
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी शाखा अधिकारियों से कहा कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी दैनिक कार्यों में हिन्दी के अधिक से अधिक प्रयोग के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से सरकारी कामकाज में हिन्दी का उपयोग आगे और बढ़ेगा।
अपर मंडल रेल प्रबंधक ने दिलाई हिन्दी के शत-प्रतिशत प्रयोग की याद
अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि अच्छी हिन्दी सीखना और उसे रोजमर्रा के कार्यों में अपनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने राजभाषा के प्रचलन को बेहतर बनाने की आवश्यकता बताते हुए कर्मचारियों से हिन्दी के अधिकतम प्रयोग का संकल्प लेने की अपील की।
‘हिन्दी की दशा और दिशा’ पर हुआ विचार-विमर्श
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और पूर्व राजभाषा अधिकारी प्रभाकर कुमार मिश्र ने ‘वर्तमान में हिन्दी की दशा और दिशा’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हिन्दी को 14 सितंबर 1949 को राजभाषा का दर्जा मिला था और आज नई तकनीकों की मदद से हिन्दी में कार्यालयी कार्य पहले से अधिक आसान हो गए हैं।
सभी अधिकारी व कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मंडल के सभी शाखा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी आनंद कुमार ने किया।
