गोरखपुर : गोरखपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज परिसर में घुसकर 11वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय सुधीर भारती दोपहर करीब 1:30 बजे कॉलेज के मैदान में अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान बाइक से तीन बदमाश कॉलेज परिसर में घुस आए। जैसे ही उनकी नजर सुधीर पर पड़ी, उन्होंने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सुधीर के गले को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनते ही कॉलेज के छात्र और स्टाफ मौके पर जुट गए। लोगों को आता देख आरोपी तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। छात्र की हत्या के बाद कॉलेज में हड़कंप मच गया और पढ़ाई पूरी तरह से ठप हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं, सुधीर के परिजन भी कॉलेज पहुंचे। बेटे की लाश देखकर मां बेसुध हो गई। इस बीच गुस्साए लोगों ने एक आरोपी के घर पर हमला बोल दिया और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को संभालते हुए आरोपियों के घरवालों को भीड़ से छुड़ाया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीन दिन पहले सुधीर का गांव के ही एक युवक से झगड़ा हुआ था। आशंका है कि उसी रंजिश में बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
