लखनऊ : राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को वीर बाल दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के सिख समाज की भावनाओं और आवाज को सम्मान दिया है। उन्होंने सिखों के अद्वितीय बलिदान और समर्पण को नमन करते हुए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में घोषित किया, जिसे अब पूरे देश में एक राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वीर बाल दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि यह भारत की गौरवशाली परंपरा, साहस और बलिदान की स्मृति का दिन है। यह दिन गुरु गोविंद सिंह जी के पुत्रों, साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि साहिबजादों ने बहुत कम उम्र में अत्याचार और अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर देश और धर्म की रक्षा के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।
सीएम योगी ने कहा कि ऐसे महान बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वीर बाल दिवस युवाओं और बच्चों को देशभक्ति, साहस और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
