नई एफआईआर से बढ़ा सकंट, धमकी, छेड़छाड़ और जमीन कब्जे का आरोप!
बरेली : शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल के मुख्य आरोपी और आइएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां और उनके बहनोई मोहसिन समेत 10 लोगों के खिलाफ जमीन कब्जाने, छेड़छाड़ और धमकाने का मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा शहर के इज्जतनगर थाने में दर्ज कराया गया है। मौलाना तौकीर रजा खां के चाचा मौलाना मन्नान रजा खां (मन्नानी मियां) के दामाद हैं। हालांकि, मौलाना तौकीर रजा 28 सितंबर से फतेहगढ़ जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ 11 मुकदमें पहले से ही दर्ज हैं। जिसमें से कई मुकदमों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकीं है।।मगर, इसी बीच मौलाना तौकीर रज़ा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। थाना इज्ज़तनगर में शाकिर बेग की पुत्री लाएवा की तहरीर पर मौलाना तौकीर रज़ा, उनके बहनोई मोहसिन रज़ा समेत 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले मौलानगर निवासी मोहसिन के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला था, तब मोहसिन ने कहा था कि उनका मौलाना तौकीर रजा और उनकी पार्टी से कभी भी कोई लेना देना है।
बुजुर्ग पिता को धमकाकर ज़मीन अपने नाम कराने का आरोप
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि पीड़िता के पिता वृद्ध और बीमार हैं। इसी का फायदा उठाकर मौलाना तौकीर रज़ा, मोहसिन रज़ा और अन्य आरोपियों ने साजिश के तहत उनकी जमीन जबरन अपने नाम कराने की कोशिश की गई। आरोप है कि हथियार दिखाकर जान से मारने की गंभीर धमकियां दी गईं।
घर में घुसकर धमकी और महिला से छेड़छाड़ का आरोप
शिकायत के अनुसार मोहसिन रज़ा खान, इकराम बेग और विक्की ने पीड़िता के घर में घुसकर फिर से जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान पीड़िता की मां के साथ छेड़छाड़ की गई और उनकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया गया।
प्रताड़ना से टूटकर पिता ने किया आत्महत्या का प्रयास
एफआईआर में बताया गया है कि लगातार अत्याचारों से तंग आकर पीड़िता के पिता ने 11 दिसंबर को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। आरोप है कि पिछले करीब सात वर्षों से वे मौलाना तौकीर रज़ा, मोहसिन रज़ा और इकराम बेग के अत्याचार सहते आ रहे थे, लेकिन प्रभावशाली होने के कारण विरोध नहीं कर पा रहे थे।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
शहर के थाना इज्ज़तनगर में धारा 318(4), 333, 352, 351(3), 75 और 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस का एक्शन
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बरेली बवाल के दौरान पुलिस पर पथराव, फायरिंग और पेट्रोल बम फेंकने के मामले में सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज कोमल कुंडू की रिपोर्ट पर दर्ज मुकदमे में अब मौलाना तौकीर रज़ा समेत 20 आरोपियों को नामजद किया गया है। इससे पहले पुराने मुकदमों में दो आरोपियों के साथ 150 अज्ञात उपद्रवियों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस का दावा है कि तौकीर रज़ा से जुड़े सभी मामलों की चार्जशीट जल्द दाखिल की जाएगी।
