लखनऊ : समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में शुक्रवार को सुहेलदेव सम्मान स्वाभिमान पार्टी के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सुहेलदेव सम्मान स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र राजभर उपस्थित रहे। इस मौके पर राजभर समाज के हजारों कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी में हर वर्ग को सम्मान मिलता है और राजभर समाज का आत्मसम्मान समाजवादी विचारधारा में ही सुरक्षित है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों को बर्बाद कर दिया गया है। महंगाई चरम पर है और हर वर्ग परेशान है।
सपा सरकार में महिलाओं को फिर मिलेगी पेंशन

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एलान किया कि 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में महिलाओं को पुनः पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों को जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के हक और सम्मान की लड़ाई समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है।
महाराजा सुहेलदेव की मूर्ति और अष्टधातु की तलवार का वादा

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि उनकी सरकार बनने पर गोमती रिवर फ्रंट पर वीर योद्धा महाराजा सुहेलदेव की भव्य मूर्ति स्थापित की जाएगी। इसके साथ अष्टधातु की एक विशाल तलवार भी लगाई जाएगी, जो सोने की तरह चमकेगी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ एक मूर्ति नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक पहचान और स्वाभिमान का प्रतीक होगा।
जातीय जनगणना की मांग और भाजपा का विरोध

समाजवादी पार्टी प्रमुख ने कहा कि सुहेलदेव सम्मान स्वाभिमान पार्टी और समाजवादी पार्टी दोनों ही जातिगत जनगणना के पक्षधर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बलिया से लेकर प्रयागराज तक लोकसभा चुनावों में राजभर समाज ने भाजपा के खिलाफ वोट देकर समाजवादियों का साथ दिया और यही एकजुटता 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।
महेन्द्र राजभर बोले- “अखिलेश ही गरीबों की उम्मीद”

बैठक में सुहेलदेव सम्मान स्वाभिमान पार्टी के अध्यक्ष महेन्द्र राजभर ने भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार चरम पर है। महंगाई और बेरोजगारी ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों और नौजवानों को अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने का इंतजार है, क्योंकि वही एकमात्र नेता हैं जो जनहित की नीतियों को लागू कर सकते हैं।
राजभर समाज ने किया संकल्प, गांव-गांव जाकर मांगेगे वोट

बैठक में राजभर समाज के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे गांव-गांव, घर-घर जाकर पीडीए के समर्थन में प्रचार करेंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में श्री अखिलेश यादव को एकजुट होकर मुख्यमंत्री बनाएंगे। उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व पर पूर्ण भरोसा जताया।
प्रमुख नेताओं की उपस्थिति

इस अवसर पर सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी, पूर्व मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह, पूर्व मंत्री रामअचल राजभर, विधायक कमलाकांत राजभर, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम सहित दर्जनों वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त सुहेलदेव सम्मान स्वाभिमान पार्टी के कई राष्ट्रीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
