बरेली : अखिल भारतीय यादव महासभा, उत्तर प्रदेश ने संगठन को मजबूती देने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बरेली मंडल के सक्रिय समाजसेवी सुधीर यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया है। यह घोषणा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव ने शुक्रवार यानी 2 मई 2025 को पत्र जारी कर की। संगठन की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, सुधीर यादव ने अब तक समाज के लिए विभिन्न स्तरों पर उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी नियुक्ति से न केवल संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि यादव समाज के युवाओं को भी दिशा और प्रेरणा मिलेगी।
संगठन की मजबूती को काम करने का संकल्प
सुधीर यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि, “मैं संगठन द्वारा दिए गए इस सम्मान के लिए आभारी हूँ और समाज के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करता रहूँगा।” उन्होंने यह भी कहा कि वे वरिष्ठ समाजसेवी शंभूनाथ यादव के मार्गदर्शन में समाजवादी पार्टी और पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के एजेंडे को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश सचिव शुभलेश यादव के सुधीर यादव छोटे भाई हैं। प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि यह नियुक्ति संगठन को मजबूती प्रदान करेगी और आगामी चुनावों में यादव समाज की भागीदारी को सुनिश्चित करेगी।
