बीडीए ने शुरू किया 300 करोड़ से भूमि अधिग्रहण
बरेली : रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली की सफलता के बाद अब पीलीभीत रोड पर बरेली का सबसे बड़ा हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है। बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने नई टाउनशिप को जमीन पर उतारने की तैयारी तेज कर दी है। भूमि अधिग्रहण के लिए 300 करोड़ रुपये सुरक्षित कर लिए गए हैं और दावा है कि अगले सप्ताह से अधिग्रहण शुरू हो जाएगा।
267 हेक्टेयर में फैलेगी नई टाउनशिप-13 सेक्टरों में होगा विकास
यह नई आवासीय योजना लगभग 267.1443 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएगी। बीडीए ने इसे 13 सेक्टरों में बांटा है। पहले चरण में सेक्टर 1A, 1B, 2A और 2B में विकास कार्य शुरू होंगे। भूमि अधिग्रहण के लिए जिन नौ गांवों को चिह्नित किया गया है, वे हैं, अडूपुरा जागीर, अहलादपुर, आसपुर खूबचंद, कुम्हरा, कलापुर, बरकापुर मोहरनियां, हहरपुर और नवदिया कुर्मियान।
मॉडर्न रोड नेटवर्क-45 मीटर सेक्टोरियल रोड और 24 मीटर नहर पटरी रोड
मुख्य अभियंता एपीएन सिंह ने मीडिया को बताया कि टाउनशिप में 45 मीटर चौड़ी सेक्टोरियल रोड, 24 मीटर चौड़ी नहर पटरी रोड, विशाल सेंट्रल पार्क, नेबरहुड पार्क, 10 हेक्टेयर ओपन स्पेस और पार्क, 5.2 हेक्टेयर ग्रीन बेल्ट का विकास किया जाएगा, जिससे यह योजना पुराने हाउसिंग प्रोजेक्ट्स की तुलना में ज्यादा सुव्यवस्थित और हरा-भरा होगी।
गरीबों को मिलेगा सस्ते में घर,10% प्लॉट EWS-LIG के लिए आरक्षित
नई टाउनशिप में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए भी आवास की विशेष व्यवस्था की गई है। कुल प्लॉटों का 10% हिस्सा इन्हीं वर्गों के लिए आरक्षित रहेगा। इन्हें फ्लैट/भवन निर्माण हेतु प्राथमिकता पर दिया जाएगा।
26,500 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से आम जनता को आवंटन
आम नागरिकों को प्लॉट 26,500 प्रति वर्गमीटर की दर से मिलेंगे। बीडीए ने बताया कि यह योजना पूरी तरह हाईटेक प्लानिंग पर आधारित है और इसमें साइबर सिटी, मल्टीप्लेक्स, कॉमर्शियल प्लॉट, अस्पताल, होटल, स्कूल, चौड़ी सड़कें जैसी सुविधाएँ शामिल होंगी।
बीडीए उपाध्यक्ष बोले-बरेली की नई पहचान बनेगी यह टाउनशिप
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने मीडिया से कहा कि“भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगामी सप्ताह शुरू कर दी जाएगी। यह टाउनशिप बरेली को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, हरित ज़ोन और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ नई पहचान देगी। आसपास के गांवों में भी विकास तेज होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।”267 हेक्टेयर में परियोजना 13 सेक्टर, पहले चरण में 4 सेक्टर, 300 करोड़ से भूमि अधिग्रहण, 10% प्लॉट EWS-LIG के लिए, 45 मीटर मेन रोड, सेंट्रल पार्क, ग्रीन बेल्ट, हाईटेक सुविधाएं, और साइबर सिटी से लेकर मल्टीप्लेक्स तक होगा।
