बरेली : इंस्टाग्राम पर मीठी-मीठी बातें करके भरोसा जीतने वाले एक साइबर ठग ने खुद को “ज्योतिषी” बताकर सुभाषनगर की एक युवती को भारी चूना लगा दिया। प्रेमी से शादी का भविष्य बताने और पूजा -पाठ कराने के नाम पर ठग ने युवती से 4 लाख 51 हजार रुपये हड़प लिए। ठगी का अहसास होने पर युवती ने सुभाषनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपी का पता लगाने में जुटी है।
इंस्टाग्राम पर हुआ संपर्क -ज्योतिष वादा और झूठी भविष्यवाणी
पीड़िता के अनुसार, उसका इंस्टाग्राम पर एक कथित ज्योतिषी से संपर्क हुआ। बातचीत बढ़ी तो उसने खुद को “बड़ा ज्योतिषी” बताया और युवती के निजी जीवन के बारे में जानने की कोशिश की। दोस्ती गहरी हुई, तो युवती ने उससे अपना सबसे संवेदनशील सवाल पूछ लिया।“मेरी प्रेमी से शादी कब होगी? ये रिश्ता मेरे लिए सही है या नहीं?”ठग ने तुरंत युवती की कमजोरी पकड़ ली। उसने कहा कि शादी तो होगी, लेकिन कुछ “बाधाएँ” हैं। अगर पूजा-पाठ नहीं कराया गया तो विवाह टूट सकता है या शादी सफल नहीं होगी।
पूजा के नाम पर उड़ाए गए 4.51 लाख रुपये
कथित ज्योतिषी ने युवती को कई किस्म की “विशेष पूजा”, “दोष निवारण अनुष्ठान” और “ग्रह शांति” कराने की सलाह दी। इसके बाद युवती से अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 4 लाख 51 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। धीरे-धीरे जब ठग के व्यवहार और मांगों पर संदेह हुआ, तो युवती को समझ आया कि उसके साथ बड़ा खेल हो चुका है।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट-साइबर सेल खंगाल रही डिजिटल सुराग
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक-“रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर सेल की मदद से आरोपी के अकाउंट, आईपी एड्रेस और इंस्टाग्राम हैंडल की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।”सोशल मीडिया पर बढ़ रहे ‘ज्योतिष ठग’,माहिर होते जा रहे हैं प्यार और भावनाओं का इस्तेमाल करने में यह मामला सोशल मीडिया पर बढ़ते साइबर अपराधों की एक और मिसाल है, जहाँ ठग भावनाओं, रिश्तों और भविष्य की चिंता का इस्तेमाल करके लोगों से लाखों रुपये ठग रहे हैं। Police ने अपील की है कि कोई भी भविष्यवाणी या ऑनलाइन पूजा-पाठ कराने वाले प्रोफाइल पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि तुरंत रिपोर्ट करें।
