राउरकेला: ओडिशा के राउरकेला में शनिवार को एक 9-सीटर चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट समेत विमान में सवार सभी 9 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
घायलों को मौके से निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और किसी के जान को खतरा नहीं बताया जा रहा है। यह विमान इंडियन वन एयर कंपनी का बताया जा रहा है, जिसमें पायलट सहित कुल 9 लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि यह हादसा राउरकेला से करीब 10 से 15 किलोमीटर दूर हुआ। विमान को दोपहर करीब 1:15 बजे राउरकेला में लैंड करना था, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते पायलट ने जाल्दा इलाके के पास इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश की। इसी दौरान विमान असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, विमान के इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश करते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। विमानन अधिकारियों की टीम को भी सूचना दे दी गई है और तकनीकी जांच की जा रही है। भुवनेश्वर से पर्यटन विभाग की एक टीम के भी मौके पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
