घास हटवाकर देख लो बाकी एयरपोर्ट-सपा प्रमुख ने विकास मॉडल पर उठाए सवाल
लखनऊ/नोएडा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घघाटन को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में हाल के वर्षों में जिन सात हवाई अड्डों का उद्घाटन किया गया, उनमें से छह अब तक पूरी तरह संचालित नहीं हो पाए हैं।
घास हटवाकर देख लिया जाए- एयरपोर्ट संचालन पर तंज
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि “भाजपा का भ्रष्ट प्रबंध देखिए-7 में से 6 एयरपोर्ट बंद!” उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के बाकी हवाई अड्डों की स्थिति जानने के लिए “घास हटवाकर” देख लेना चाहिए। उन्होंने कुशीनगर एयरपोर्ट, चित्रकूट एयरपोर्ट और आजमगढ़ एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कई जगहों पर उड़ान सेवाएं बंद या सीमित हैं।
विकास नहीं, ठेकेदारों को फायदा- गंभीर आरोप
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने सरकार पर आरोप लगाया कि बड़े-बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स केवल चुनिंदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “भाजपा में अरबों का निर्माण सिर्फ अपनों को ठेके बांटने और कमाई बांटने के लिए होता है। इन्हें न एयरपोर्ट चलाना है, न उड़ान योजना में विमान उड़ाना है।”
PM के बयान पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नोएडा एटीएम’ वाले बयान पर भी बिना नाम लिए पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “हमारे संस्कार में उम्र और पद का सम्मान करना शामिल है।”उन्होंने कहा कि प्रदेश में आए मेहमान का सम्मान करना हमारी परंपरा है, लेकिन बयानबाजी में संयम भी जरूरी है।
अयोध्या घटना को लेकर भी उठाए सवाल
अयोध्या में हाल ही में महायज्ञ के दौरान लगी आग पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन के बाद से उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। जहां एक ओर सरकार इसे विकास की बड़ी उपलब्धि बता रही है, वहीं विपक्ष इसके क्रियान्वयन और जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहा है।
