स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज और फायर स्टेशन समेत कई मुद्दों पर अधिकारियों को दिए गए निर्देश
बरेली : कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई।जिसमें उद्योगों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम नगर ने स्पष्ट कहा कि निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारित किया जाए, ताकि उद्यमियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
स्ट्रीट लाइट और ड्रेनेज पर जताई नाराजगी

राइस मिलर्स एसोसिएशन ने नैनीताल रोड से बहेड़ी तक स्ट्रीट लाइट लगने के बावजूद रिछा -जहनाबाद रोड पर लाइट न होने की समस्या उठाई, जिस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर भी अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
फायर स्टेशन और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी निर्देश

रिछा-जहनाबाद रोड पर 62 राइस मिल होने के बावजूद फायर स्टेशन न होने पर एडीएम ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को जल्द कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा दोहना टोल प्लाजा के पास गलत लेन में आने वाले वाहनों से लगने वाले जाम को लेकर ट्रैफिक पुलिस को सुधार के निर्देश दिए गए।सोलर पैनल लगाने की अपील बैठक के अंत में एडीएम नगर ने सभी उद्यमियों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सोलर पैनल लगाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। बैठक में उद्योग, बिजली, नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।
