बरेली : सपा ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियों की कमान अब ज़मीनी स्तर पर संभाल ली है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की 108 कमजोर विधानसभा सीटों को चिन्हित कर प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इन्हीं में से एक है बरेली कैंट विधानसभा सीट है। जिसके प्रभारी बनाए गए हैं लखीमपुर खीरी के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल। मंगलवार को बरेली सपा कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर अनुराग पटेल ने स्पष्ट कहा कि 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब आज से ही बूथ स्तर पर ईमानदारी से संगठन खड़ा किया जाए। उन्होंने जोन व सेक्टर प्रभारियों से कहा कि वे हर बूथ पर मजबूत टीम बनाएं और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन का घर-घर संदेश पहुंचाएं।
प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर साधा निशाना

इस दौरान प्रेस वार्ता में अनुराग पटेल ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने कहा, “देश में बेरोजगारी, महंगाई और अफसरशाही चरम पर है। जनता की आवाज़ को हिंदू-मुस्लिम विवादों में दबाने की कोशिश की जा रही है।”उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर महिलाओं को सम्मान, नौजवानों को रोजगार और किसानों को न्याय दिलाना है तो अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना जरूरी है।
चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से मुलाकात

बैठक के बाद अनुराग पटेल ने बरेली कैंट सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से मुलाकात की। इसमें इंजीनियर अनीस अहमद, शहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजेश अग्रवाल, डॉ. अनीस बेग, सुरेन्द्र मिश्रा, समर्थ मिश्रा, समयुन खान और महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने अपना-अपना दावा पेश किया और अखिलेश यादव के निर्णय को सर्वोपरि बताया। प्रभारी ने भी स्पष्ट किया कि टिकट उन्हीं को मिलेगा जो पीडीए के एजेंडे को बूथ तक ले जाकर संगठन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
नेताओं का स्वागत और संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन

बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने की और संचालन महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक विजय पाल सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, रोहित राजपूत, हसीब खान, डॉ. शफीकुद्दीन राजेश मौर्या, धीरज हैप्पी यादव, हरिओम प्रजापति, मेराज अंसारी, ताज खान, अमित गिहार, नीरज सैनी, डॉ. शाहज़ेब अंसारी और पार्षद सनी मिर्जा जैसे सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महानगर में गर्मजोशी से स्वागत
शहर के डोहरा चौराहा पर प्रभारी अनुराग पटेल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी के नेतृत्व में फूल-मालाएं पहनाकर और बाबा साहब अम्बेडकर जी का चित्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर इंजीनियर अनीस अहमद, राजेश अग्रवाल, इंजीनियर अकरम, रमीज़ हाशमी, रियाज़ हुसैन राजा, और कई पार्षदगण उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि 2027 का लक्ष्य सपा सरकार बनाना है, और इसके लिए संगठन को बूथ से लेकर जोन तक ईमानदारी, ऊर्जा और रणनीति से काम करना होगा।
![]()
