ग्रेटर नोएडा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विकास परियोजनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया और देश में तेजी से बढ़ रही हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा देने की बात कही। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने खासतौर पर एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, जेवर एयरपोर्ट, और उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल को लेकर विस्तार से चर्चा की।
पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश के लिए एयरपोर्ट केवल एक सामान्य सुविधा नहीं होते, बल्कि यह देश की प्रगति को नई उड़ान देने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि साल 2014 से पहले भारत में केवल 74 एयरपोर्ट थे, लेकिन आज यह संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो चुकी है। अब हवाई सेवाएं केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छोटे-छोटे शहरों तक भी पहुंच रही हैं, जिससे आम नागरिकों के लिए हवाई यात्रा आसान हो गई है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले यह सोच थी कि हवाई यात्रा केवल अमीरों के लिए होती है, लेकिन आज सरकार ने आम भारतीय को भी इस सुविधा से जोड़ने का काम किया है। पीएम मोदी ने कहा कि यह बदलाव देश के समावेशी विकास का उदाहरण है।
अपने संबोधन में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नोएडा आने से डरते थे और कुर्सी जाने के भय से यहां नहीं आते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों ने नोएडा को उसके हाल पर छोड़ दिया था और इसे केवल लूट का साधन बना दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि आज भाजपा सरकार के नेतृत्व में वही नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का मजबूत इंजन बन चुका है।
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना “डबल इंजन सरकार” की कार्यशैली का शानदार उदाहरण है। उन्होंने बताया कि इस एयरपोर्ट को वर्ष 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने मंजूरी दे दी थी, लेकिन इसके बाद कई वर्षों तक यह फाइलों में ही दबा रहा। 2004 से 2014 तक इस पर कोई ठोस काम नहीं हुआ।
पीएम मोदी ने कहा कि जब केंद्र में उनकी सरकार बनी, तब भी शुरुआती वर्षों में राज्य सरकार की ओर से सहयोग नहीं मिला। लेकिन जैसे ही केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा-एनडीए की सरकार बनी, इस परियोजना को गति मिली और आज यह साकार हो चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि जेवर एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन जैसे प्रोजेक्ट्स देश को तकनीकी और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। खासतौर पर जेवर एयरपोर्ट को लेकर उन्होंने कहा कि यह उत्तर भारत को वैश्विक स्तर से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और यहां से हर दो मिनट में एक विमान उड़ान भरने की क्षमता विकसित की जा रही है।
प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व संकट के दौर से गुजर रहा है, खासकर पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण कई देशों में खाने-पीने की चीजों, पेट्रोल-डीजल और गैस की कमी देखने को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि भारत भी इन चुनौतियों से अछूता नहीं है, क्योंकि देश बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस आयात करता है। लेकिन इसके बावजूद सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि आम नागरिकों और किसानों पर इसका बोझ न पड़े।
अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने कहा कि संकट के इस दौर में भी भारत का विकास रुका नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाल ही में कई बड़े प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है, जो इस बात का प्रमाण है कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह नया भारत, नए संकल्प और नई ऊर्जा के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
