एटा/लखनऊ : यूपी के एटा जिले के जलेसर कोतवाली क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 14 वर्षीय किशोर विक्रम का शव रविवार रात संदिग्ध हालत में मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तेज़ी से जांच शुरू करते हुए 48 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा कर दिया। जांच में पता चला कि विक्रम की 15 वर्षीय बहन ने अपने 20 वर्षीय प्रेमी विनय शर्मा के साथ मिलकर अपने भाई की गला दबाकर हत्या कर दी।
मायके गई थी मां
पुलिस के अनुसार, घटना की रात मां अपने मायके गई हुई थी और पिता घर के पास खेत में सो रहे थे। इस मौके का फायदा उठाकर प्रियंका ने अपने प्रेमी को आधी रात घर बुलाया। उसी दौरान विक्रम की आंख खुल गई और उसने अपनी बहन को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। विरोध करने पर बहन और प्रेमी को डर हुआ कि वह परिजनों को बता देगा, इसलिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों को लिया हिरासत में
स्थानीय पुलिस ने फौरन दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस पूछताछ में जुटी है।
