बरेली : यूपी के बरेली शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर जुबैर उर्फ पाया के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने बुधवार को सख्त कार्रवाई कर उसके अवैध रूप से बनाए गए तीन मंजिला मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। जुबैर पर पशु तस्करी, अवैध हथियार और गुंडा एक्ट समेत 13 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बगैर नक्शा पास कराए बनाया था भवन
बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि जुबैर ने भवन का निर्माण बिना नक्शा पास कराए किया था। मकान के भूतल पर एक होटल भी संचालित हो रहा था। लगातार नोटिस देने के बावजूद जुबैर द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद बुधवार को कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पुलिस बल के साथ की गई कार्रवाई
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इस कार्रवाई से इलाके में खलबली मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
6 जून को गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
6 जून को जुबैर को विकास भवन के पीछे से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से फरार चल रहा था और मुंबई में छिपा हुआ था। हाल ही में लौटने पर मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ था। जेल भेजे जाने के बाद वह जमानत पर बाहर आ गया था।
13 मुकदमे और गुंडा एक्ट की कार्रवाई
जुबैर पर पशु तस्करी, अवैध हथियार रखने और गुंडा एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में 13 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन अब उसकी अन्य संपत्तियों की भी जांच कर रहा है।
