कानपुर/लखनऊ : यूपी के कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र की गुप्ता कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। यहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक 17 वर्षीय बेटे ने महज बर्तन साफ करने की बात पर अपनी मां की हत्या कर दी। आरोप है कि बेटे ने दुपट्टे से गला घोंटकर अपनी मां उर्मिला कटियार (35 वर्ष) को मार डाला और शव को घर के बेड में छिपा दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब छोटा बेटा स्कूल से लौटा और मां को खोजते हुए बेड खोल दिया।
पति की हो चुकीं है मौत
उर्मिला कटियार पिछले 17 वर्षों से रणजीत सचान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थीं। उनके दो बेटे हैं। इसमें बड़ा बेटा 17 साल का (आरोपी), और छोटा बेटा 15 साल का है। मृतक उर्मिला के पति जगदीश की मौत 18 साल पहले हो चुकी थी।
जानें कैसे हुआ घटना का खुलासा
मंगलवार को छोटा बेटा स्कूल से लौटा और जब उसने अपनी मां को नहीं देखा, तो घर में इधर-उधर तलाशने लगा। जब वह बेडरूम में पहुंचा, तो देखा कि बेड से दुपट्टा बाहर निकला हुआ था। उसने बेड खोलकर देखा, तो मां बेहोश पड़ी थीं। उसने तुरंत मामा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो देखा कि महिला की सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई और बयान
एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि “महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बड़े बेटे को हिरासत में लिया गया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”
घरेलू जिम्मेदारी से उठा झगड़ा, पहुंचा हत्या तक
छोटे बेटे ने पुलिस को बताया कि “मेरी ड्यूटी बर्तन साफ करने की थी, लेकिन मैं स्कूल के लिए लेट हो रहा था। मां ने बड़े भाई से कहा कि वह बर्तन साफ कर दे। इस बात पर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर भाई ने मां का गला घोंट दिया।” मगर, इस घटना ने पारिवारिक तनाव, बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, और सिंगल पेरेंटिंग के दबाव को लेकर एक गंभीर बहस छेड़ दी है। हालांकि, इस घटना से पड़ोसी स्तब्ध हैं और घटना को “अविश्वसनीय” बता रहे हैं। पुलिस अब रणजीत सचान की भूमिका, पारिवारिक तनाव और बच्चों की परवरिश से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
