सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक गंभीर दुर्घटना होते-होते टल गई। यहां प्लेटफॉर्म नंबर चार से पांच और छह को जोड़ने वाला पुराना क्रॉसिंग पुल हटाए जाने के दौरान अचानक पटरी पर आ गिरा। इस हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्री परेशान हो उठे।
क्रॉसिंग पुल गिरने से टूटी पाइपलाइन और वायरिंग, भगदड़ का माहौल

इस पुराने पुल को हटाने का कार्य रेलवे द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा था। दो भारी क्रेनों की मदद से जैसे ही पुल को हटाने का प्रयास शुरू हुआ, पुल असंतुलित होकर सीधे रेलवे ट्रैक पर गिर गया।इस हादसे में ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाली हाई वोल्टेज विद्युत आपूर्ति वायर (OHE) क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रेनों को पानी की सप्लाई देने वाली पाइपलाइन टूटी

इस घटना के समय पुल पर कोई मौजूद नहीं था। जिससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों में भय और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग इधर-उधर भागने लगे, और सुरक्षा कर्मियों को स्थिति नियंत्रित करने में समय लगा।
दो घंटे तक बाधित रहा रेल संचालन, ट्रेनों में देरी

ओएचई वायर के टूटने और पुल के मलबे के ट्रैक पर गिरने से स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से रुका रहा। रेलवे की ओर से कोई तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा सकी, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कई ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों लेट हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग, और विद्युत विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। भारी क्रेन की मदद से पुल के मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया। टूटी हुई ओएचई वायर को जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। पाइपलाइन मरम्मत कार्य भी शुरू कर दिया गया है ताकि जल्द से जल्द सेवाएं बहाल हो सकें। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से स्टेशन पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई है और स्थिति पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।
