लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला जब भाजपा, बसपा, कांग्रेस और लोकदल सहित कई दलों के प्रमुख नेता अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। लखनऊ पार्टी कार्यालय में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सभी नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व पर पूर्ण आस्था जताई और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में सपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया।
अखिलेश यादव को बताया देश का भविष्य

सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव देश के भविष्य हैं और उत्तर प्रदेश को एक प्रगतिशील दिशा देने में उनकी नीतियां निर्णायक साबित होंगी। इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने कहा “नए साथियों के जुड़ने से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में परिवर्तन निश्चित है।”
सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कई बड़े नेता शामिल

सपा में शामिल होने वालों में प्रमुख नाम बदरूद्दीन खान (सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी, राज्यसभा नई दिल्ली) का है, जो कई अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के साक्षी रहे हैं। इनके साथ शामिल हुए। वसीम राजा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, युवा लोकदल, महेन्द्र सिंह वर्मा, पूर्व अध्यक्ष, जिला पंचायत बांदा, कमलेश श्रीवास, राजा राम वर्मा, संतोष तिवारी, कृष्णानंद पांडेय, रोहित अवस्थी, हर्ष सोनकर, आर्यन सोनकर, रीना गुप्ता, सुमित्रा विश्वकर्मा, शिवानी अवस्थी, ननकई अवस्थी, राज सोनकर, विपिन कांत आदि मौजूद थे।
अखिलेश यादव का सम्मान, पीडीए हेल्पलाइन की सराहना

इस मौके पर कुंवर अजीज उत्साही, सुप्रसिद्ध कवि स्व. बेकल उत्साही के पुत्र ने ‘वतन के तराने’ पुस्तक भेंट की। इसके साथ ही समाजवादी लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ता लालचंद गौतम ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेंट की।
महापुरुषों की तुलना से बचने की संवेदनशील अपील

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील कि “किसी भी पार्टी नेता की तुलना दिव्य महापुरुषों से न की जाए, न कोई ऐसी तस्वीर, गीत या बयान बने। वे किसी भी तुलना से ऊपर होते हैं।”
अन्य प्रमुख नेताओं की उपस्थिति

इस आयोजन में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, सांसद राजीव राय, पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह, विधायक आशु मलिक, पूर्व एमएलसी संजय लाठर, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी मनोज कुमार (जज साहब), नेता सलामुतउल्ला, अवलेश सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मनोज कुमार द्वारा शुरू की गई ‘पीडीए हेल्पलाइन’ की सराहना की और इसे जनसेवा की दिशा में एक सशक्त कदम बताया।
