बरेली : यूपी के बरेली में आयोजित होने वाले उर्स-ए-ताजुश्शरिया के चलते शहर में रविवार और सोमवार (4 व 5 मई) को भारी वाहनों की नो एंट्री लागू रहेगी। प्रशासन ने यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने और जायरीन की सुविधा के मद्देनज़र ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। उर्स के दौरान देश-विदेश से लाखों की संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना है।
10 से अधिक देशों से आएंगे जायरीन
उर्स का आयोजन दरगाह आला हज़रत स्थित खानकाह- ए- ताजुश्शरिया और मथुरापुर स्थित जमियतुर्राजा इस्लामिक सेंटर में होगा। इसमें भारत के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ 10 से अधिक देशों से जायरीन के पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक और पुलिस बल अलर्ट मोड पर है।
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर लागू ट्रैफिक योजना

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने दो दिवसीय ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसमें भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक और हल्के वाहनों के वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। मुख्य रूप से मथुरापुर, इस्लामिया मैदान, किला, रेलवे स्टेशन, सुभाषनगर और दरगाह क्षेत्र ट्रैफिक डायवर्जन के तहत रहेंगे।
यह रहेगा डायवर्जन प्लान
झुमका तिराहा, रोड नंबर-1, परसाखेड़ा और मिनी बाईपास से मथुरापुर की ओर जाने वाले सभी भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
रामपुर और मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहन बड़ा बाईपास, विलवा, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर जाएंगे।
बदायूं की ओर जाने वाले वाहन फरीदपुर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
नैनीताल और पीलीभीत से आने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए बरेली पहुंचेंगे।
लखनऊ और दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन डायवर्जन मार्ग से शहर में प्रवेश करेंगे।
दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहा, विलवा, डेलापीर और सौ फुटा पूर्वी मार्ग होते हुए सेटेलाइट बस स्टैंड तक जाएंगी और वहीं से लौटेंगी।
एसपी ट्रैफिक ने दी यातायात सुधार की जानकारी

एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि उर्स के दौरान केवल ट्रैफिक व्यवस्था ही नहीं, बल्कि लंबी अवधि के लिए भी यातायात जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। स्कूलों-कॉलेजों में ट्रैफिक सेफ्टी सेमिनार, सोशल मीडिया पर अवेयरनेस अभियान,प्रमुख चौराहों पर फ्लैश बोर्ड और साउंड सिस्टम से अलर्ट जैसे कदम शामिल हैं।
प्रशासन की अपील, यातायात नियमों का पालन करें

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 4 व 5 मई को यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित मार्गों से ही यात्रा करें और प्रशासन के साथ सहयोग करें। केवल आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को ही शहर में प्रवेश की अनुमति होगी।
