बरेली : सपा के पार्षद दल द्वारा नगर निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ जनसमस्याओं को उजागर करने के लिए निकाली जा रही जनसंवाद और सद्भावना यात्रा तीसरे दिन गुरुवार को सुर्खा, बानखाना, गुड्डरबाग, चौधरी मोहल्ला और गढ़ी क्षेत्रों में पहुंची। क्षेत्रीय जनता से संवाद के दौरान भारी संख्या में नागरिकों ने पानी, सीवर और कचरा प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं को लेकर नाराजगी जाहिर की। सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना ने बताया कि क्षेत्रवासियों ने शिकायत की कि इन इलाकों में नालियों की सफाई नियमित नहीं होती, जिससे गंदगी फैलती है और सीवर लाइनें बार-बार चोक हो जाती हैं। जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहता है। इसके अलावा, कई घरों में दूषित जल की आपूर्ति की समस्या लगातार बनी हुई है।
चौधरी मोहल्ला में सड़क निर्माण महिला के विरोध में अटका
वार्ड-41 के चौधरी मोहल्ले में श्रीकांत अस्पताल के पास की सड़क वर्षों से लंबित है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क का प्रस्ताव कई बार पास हो चुका है, लेकिन केवल एक महिला के व्यक्तिगत विरोध के चलते निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा। इस वजह से जलभराव की गंभीर समस्या है जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वार्ड-58 के गुलाब नगर क्षेत्र अंतर्गत स्वरूप नगर में एक डलाब (कूड़ा डंपिंग पॉइंट) की स्थिति भयावह है। दूर-दूर से कूड़ा आकर यहां फेंका जाता है, जिससे गंदगी और जाम की स्थिति बनी रहती है। बच्चों का स्कूल जाना कठिन हो गया है और जरा सी बारिश में गंदा पानी बहकर रास्तों को अवरुद्ध कर देता है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि उन्होंने कई बार नगर निगम से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जनता का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी केवल कागजों पर विकास कार्य दिखा रहे हैं, जबकि जमीन पर कुछ नहीं हो रहा। क्षेत्रीय लोग चाहते हैं कि अधिकारी मौके पर जाकर खुद देखें कि हालत कितनी खराब है।
जनता की आवाज उठाने को तत्पर सपा पार्षद दल
जनसंवाद यात्रा में सपा नेता आशु सक्सेना, फैज मोहम्मद, नीटू कश्यप, कपिल कुमार, विशन मौर्य, राघव गुप्ता सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे। इन सभी ने क्षेत्रीय समस्याओं को संकलित कर नगर निगम प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।
![]()
