किसानों के मसीहा को समर्पित श्रद्धांजलि सभा, समाजवादी नीतियों को बताया किसान हितैषी
लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जनपदों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। लखनऊ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में चौधरी चरण सिंह के चित्र पर राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
“चौधरी साहब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं”: अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन भारतीयता और ग्रामीण परिवेश में रचा-बसा रहा। उनका मानना था कि भारत की सच्ची प्रगति ग्रामीण विकास से ही संभव है। उन्होंने हमेशा कहा कि कृषि और किसान सशक्त होंगे तो देश समृद्ध होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि “चौधरी साहब मानते थे कि राष्ट्र की संपन्नता के लिए ग्रामीण क्षेत्रों की क्रय शक्ति बढ़ाना और वहां का उन्नयन आवश्यक है। उनका चिंतन आज भी समाज को दिशा देने वाला है।”
“भाजपा राज में बदहाल है किसान”: अखिलेश यादव का हमला
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का जो वादा किया था, वह महज चुनावी जुमला साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि “किसान आज भी न्यूनतम समर्थन मूल्य से वंचित हैं, लागत मूल्य बढ़ता जा रहा है, लेकिन फसल का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा। भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं पर आंख मूंदे बैठी है।”सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में किसानों की समृद्धि और सम्मान को प्राथमिकता दी गई थी। सिंचाई, फसल बीमा, समर्थन मूल्य और ऋण माफी जैसे मुद्दों पर ठोस कदम उठाए गए थे। समाजवादियों ने चौधरी साहब की विरासत को आगे बढ़ाया। लखनऊ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसमें पूर्व राज्यसभा सांसद अरविन्द कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी रामवृक्ष सिंह यादव, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा, अनिल सिंह बीरू, डॉ. हरिश्चन्द्र, राधेश्याम सिंह, निर्मल सिंह सहित अन्य नेता मौजूद थे।
![]()
