लखनऊ/ अमेठी : ‘कंटेंट के लिए खतरा?’ सोशल मीडिया पर कुछ सेकेंड की रील बनाने की सनक युवाओं पर इस कदर हावी हो रही है कि वे अपनी जान की परवाह भी नहीं कर रहे। यूपी के अमेठी से ऐसा ही एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। जिसमें एक युवक 40 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़कर पुशअप करता दिख रहा है। यह नजारा जितना खतरनाक है, उतना ही वायरल भी हो रहा है। 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के बेहद करीब इस युवक ने जान की परवाह किए बिना यह स्टंट कर न केवल अपनी जिंदगी को खतरे में डाला बल्कि लोगों को भी गुमराह करने की कोशिश की।
हाईटेंशन टावर बना इंस्टा स्टेज
घटना अमेठी जिले के सरैया गांव की है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ता है और फिर हवा में लटककर पुशअप करने लगता है। यह सब वह इसलिए करता है ताकि एक “वायरल रील” बना सके। वीडियो देखकर साफ लगता है कि युवक का मकसद इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक पर लाइक्स और व्यूज बटोरना था।
वीडियो वायरल, पुलिस अलर्ट
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इसके बाद मुंशीगंज थाना प्रभारी शिवकांत त्रिपाठी ने मीडिया को बताया कि युवक की पहचान की जा रही है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह स्टंट पूरी तरह से जानलेवा हो सकता था। “हम लगातार युवाओं से अपील कर रहे हैं कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में ऐसे खतरनाक स्टंट न करें।
लाइक के लिए जान जोखिम में!
अमेठी में इस तरह के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे पहले भी नेशनल हाईवे पर लगे साइनबोर्ड पर स्टंट करते हुए युवाओं के वीडियो सामने आ चुके हैं। यह ट्रेंड खासकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे Instagram Reels, YouTube Shorts और Facebook Videos के चलते बढ़ा है, जहां लाइक, शेयर और फॉलोअर्स की भूख कई युवाओं को जानलेवा हरकतों के लिए प्रेरित कर रही है।
सोचिए, स्टंट नहीं – संयम!
एक छोटा-सा ध्यान भटका कदम ज़िंदगी को बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है। रील का रोमांच क्षणिक होता है, लेकिन खतरा स्थायी हो सकता है। जरूरी है कि अभिभावक, समाज और पुलिस मिलकर युवाओं को सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए प्रेरित करें।
![]()
