लखनऊ/बुढाना/मुजफ्फरनगर : यूपी के मेरठ-करनाल हाईवे पर नगवा और कुरथल के बीच शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला हेड कांस्टेबल प्रीति की मौत हो गई। प्रीति जनपद शामली में महिला सेल में तैनात थीं। हादसा थाना बुढाना क्षेत्र में हुआ जब तेज़ रफ्तार स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकरा गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार महिला हेड कांस्टेबल प्रीति अपने पति भूपेंद्र, दो बच्चों, एक अन्य व्यक्ति तथा बालेश्वर के साथ यात्रा कर रही थीं। कार अचानक संतुलन खो बैठी और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर ही प्रीति की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य सभी लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत स्थानीय पुलिस की सहायता से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा। जिसे पुलिस द्वारा नियंत्रित किया गया।
पुलिस महकमें में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे से पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
![]()
