लखनऊ/ जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी समारोह के दौरान पंखे की हवा को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस झगड़े में बारात में शामिल एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि तीन अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र के बरहुपुर गांव में की रात को हुई।
जानें पूरा मामला

बरहुपुर गांव के मौर्य बस्ती निवासी रामकुमार मौर्य की पुत्री खुशबू की शादी प्रतापगढ़ जिले के भोजेमऊ निवासी सुनील कुमार मौर्य के साथ तय हुई थी। शादी समारोह में पारंपरिक रस्में पूरी होने के बाद बाराती जयमाल मंच के पास एकत्रित थे। तेज गर्मी के कारण बारात पक्ष का युवक कमल कुमार अपने तीन साथियों के साथ मंच के पास लगे पंखे की हवा अपनी ओर करने लगा। इसी छोटी सी बात को लेकर घरातियों से कहासुनी हो गई,जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गई। आरोप है कि घराती पक्ष के कुछ लोगों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से बारातियों पर हमला कर दिया। इस हमले में कमल कुमार समेत चार लोग घायल हो गए।
एक की मौत, तीन घायल
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान कमल कुमार की मौत हो गई। बाकी तीन घायलों का उपचार चल रहा है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई जारी
सूचना मिलते ही महाराजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सीओ बदलापुर विवेक सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर हत्या और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश और कानूनी कार्रवाई जारी है।
तनाव के बीच शादी कराई संपन्न
घटना के चलते इलाके में तनाव व्याप्त हो गया, लेकिन पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए माहौल को नियंत्रण में रखा और शादी समारोह को शांतिपूर्वक संपन्न कराया।
![]()
