राहगीरों ने की मदद, परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
बरेली/ मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां एक युवक चलते-चलते बाइक पर ही अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना पास के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चलती बाइक पर गिरी मौत

यह घटना शहर के मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे की है। मृतक युवक अपनी बुलेट बाइक से कहीं जा रहा था कि तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गिरते ही वह युवक बेहोश हो गया और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत युवक की मदद करने की कोशिश की। किसी ने सीपीआर दिया, तो किसी ने पानी के छींटे मारे, लेकिन युवक की जान नहीं बच सकी।
परिजनों ने जताई साजिश की आशंका
युवक की पहचान मुरादाबाद के मकबरा सेकेंड भैंडा वाली गली निवासी पीतल कारोबारी गुलज़ार के पुत्र हंजला (22 वर्ष), जो मुरादाबाद के एक निजी संस्थान में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि हंजला पूरी तरह से स्वस्थ था, उसे न तो किसी तरह की बीमारी थी, न कोई स्वास्थ्य समस्या। विकास के पिता ने बेटे की अचानक और रहस्यमयी मौत पर साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं है और किसी गहरी साज़िश की बू आ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गहराई से जांच की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार

पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। “मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि स्पष्ट हो सके कि मौत का कारण हार्ट अटैक है या कुछ और।”
CCTV बना अहम सबूत
घटना की CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक चलती बाइक पर था और अचानक झटका खाते हुए बेहोश होकर गिर पड़ा। ये फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोग इसे चौंकाने वाला और दुखद बता रहे हैं।
समाज में चिंता, मेडिकल अलर्ट की ज़रूरत
इस घटना के बाद आम नागरिकों में चिंता देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर लोग युवाओं में बढ़ती हार्ट अटैक की घटनाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार तनाव, असंतुलित जीवनशैली और समय पर मेडिकल चेकअप की कमी इसके पीछे प्रमुख कारण हो सकते हैं।
