संजीव मेहरोत्रा ने कहा— अमानवीय आतंकी कृत्यों के ख़िलाफ़ मज़दूर वर्ग एकजुट
बरेली : यूपी के बरेली में बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन ने बुधवार शाम जंक्शन स्थित नरमू कार्यालय में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में वीभत्स आतंकी हमले के विरोध में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। शोकसभा में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने 2 मिनट का मौन रखकर शहीद नागरिकों को श्रद्धांजलि दी और इस अमानवीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य की तीव्र भर्त्सना की।
हमले की निंदा, श्रद्धांजलि अर्पित
फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि “देश के किसी भी नागरिक पर इस प्रकार का हमला न केवल मानवीय मूल्यों के खिलाफ है, बल्कि देश की एकता और अखंडता पर भी चोट है। मजदूर वर्ग ऐसे किसी भी आतंकवादी कृत्य की सख्त निंदा करता है और एकजुट होकर इसके विरुद्ध आवाज़ उठाएगा।”
मजदूर दिवस की तैयारी जोरों पर
एक मई को मजदूर दिवस है। इसको लेकर काफी तेजी से तैयारियाँ चल रही हैं। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने रेलवे, आयकर विभाग, ईपीएफओ, पीडब्ल्यूडी, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक सहित कई कार्यालयों में जाकर मजदूर दिवस में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पर्चे बांटे और गेट मीटिंग आयोजित कीं। फेडरेशन ने बताया कि यह अभियान कल भी जारी रहेगा। इसमें कचहरी परिसर और विभिन्न विद्यालयों में जाकर पर्चा वितरण और संवाद किया जाएगा।
मजदूर दिवस सिर्फ एक दिवस नहीं बल्कि मेहनतकशों के संघर्ष का प्रतीक
बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि “मजदूर दिवस सिर्फ एक दिवस नहीं बल्कि मेहनतकशों के संघर्ष, अधिकारों और सम्मान का प्रतीक है। इस वर्ष हम बड़ी संख्या में शामिल होकर मज़दूर एकता का संदेश देंगे।” इस दौरान कार्यक्रम में महामंत्री संजीव मेहरोत्रा के साथ-साथ साथी मुकेश सक्सेना, राजेश दुबे, जितेंद्र मिश्रा, हरि शंकर, एडवोकेट टी. डी. भास्कर, अमीर खां, संतोष कुमार, राकेश सिंह, अतुल सहित अनेक सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
