लखनऊ/ ललितपुर : यूपी के ललितपुर जिले के तालबेहट थाना क्षेत्र के ग्राम बिगारी में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मिट्टी खनन के दौरान खदान धंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के वक्त कई अन्य मजदूर भी घटनास्थल पर मौजूद थे। जिनके मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा बिगारी में सिद्ध बाबा मंदिर टौरिया के पास निजी खनन कार्य चल रहा था। इस दौरान अमर सिंह (20 वर्ष) पुत्र गोविंदास और नरेश (23 वर्ष) पुत्र प्रागी, जो गनेशपुरा खांदी निवासी थे। यह मिट्टी निकालने का कार्य कर रहे थे। अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर गिर गई और दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए। सूचना मिलते ही सीओ अभय नारायण राय और प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। जिसमें दोनों शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया।
रात के अधेरे के कारण हुआ हादसा

यह घटना रात का अंधेरा और घना जंगल होने के कारण होने की बात सामने आई है। इस दौरान राहत कार्यों में भी बाधा आई। इसके बावजूद पुलिस और स्थानीय लोग पूरी कोशिश में जुटे हैं कि यदि और मजदूर दबे हों, तो उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। घटना के तुरंत बाद खनन माफिया ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह खनन कार्य अवैध रूप से हो रहा था और प्रशासन को पहले भी इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
जाने क्या बोले एसडीएम
एसडीएम ताल भूपेंद्र सिंह ने बताया कि “मिट्टी गिरने से दो लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी तहसीलदार रवींद्र कुमार को मौके पर भेजा गया है। आगे की जांच जारी है।”
