आगरा /लखनऊ : यूपी की ताज नगरी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक मायके में रह रही पत्नी के साथ न चलने की जिद से इतना टूट गया कि आत्महत्या करने फ्लाईओवर पर चढ़ गया। यह घटना थाना ताजगंज क्षेत्र के इनर रिंग रोड फ्लाईओवर की है, जहां 22 वर्षीय युवक दीपक ने रेलिंग पर बैठकर जान देने की धमकी दी। दीपक, जो फर्रुखाबाद का रहने वाला है। उसकी शादी आगरा के गुतिला, ताजगंज की रहने वाली एक युवती से कुछ समय पहले हुई थी। दांपत्य जीवन में अनबन होने के कारण उसकी पत्नी मायके आकर रहने लगी। दीपक अपनी पत्नी को मनाने ससुराल पहुंचा, लेकिन जब उसने साथ चलने से साफ इंकार कर दिया, तो वह मानसिक रूप से परेशान हो गया।
फ्लाईओवर पर बैठकर करने लगा आत्महत्या की धमकी
गुस्से और ग़म में डूबा दीपक पैदल ही शमसाबाद रोड स्थित इनर रिंग रोड फ्लाईओवर पर पहुंचा और रेलिंग पर चढ़ गया। उसने नीचे झाँकते हुए आत्महत्या की बात कहनी शुरू कर दी। यह नज़ारा देख वहां लोगों की भीड़ लग गई और किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने दिखाया मानवीय चेहरा, समय रहते बचाई जान
सूचना मिलने पर PRV-46 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी धीरे से पीछे जाकर दीपक को पकड़ने में सफल रहे और उसे नीचे उतार लिया गया। इसके बाद युवक को एकता चौकी ले जाया गया। पुलिस ने युवक के ससुराल वालों और उसके परिजनों को मौके पर बुलाया। दोनों पक्षों में बातचीत भी हुई लेकिन पत्नी ने साथ चलने से पुनः इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दीपक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
घटना का वीडियो वायरल
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें युवक फ्लाईओवर की रेलिंग पर बैठा नजर आ रहा है और आसपास लोग इकट्ठा हैं। पुलिस की सूझबूझ और समय पर कार्रवाई से एक जान बच गई, नहीं तो हादसा हो सकता था।
