सपा प्रमुख ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की आतंकी घटना पर केंद्र सरकार को घेरा, बोले- इंटेलिजेंस फेलियर का नतीजा, पर्यटकों की सुरक्षा के नहीं थे इंतजाम
दिवंगत नेताओं को दी श्रद्धांजलि, कुशीनगर एयरपोर्ट पर न उतरने पर बोले- मौसम ठीक लेकिन सरकार का मौसम गड़बड़
लखनऊ/कुशीनगर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कुशीनगर दौरे के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने पूर्व विधायक डॉ. पूर्णमासी देहाती और पूर्व जिलाध्यक्ष शुकरुल्ला अंसारी के गांव जाकर उनके योगदान को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सपा प्रमुख ने कहा कि डॉ. पूर्णमासी देहाती समाजवादी विचारधारा के सच्चे सिपाही थे। वे गरीब, किसान, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहे। “समाजवादियों के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है। हम एक सीधे-सादे और जनसेवा में समर्पित नेता को खो बैठे हैं।”
पहलगाम आतंकवादी हमले पर केंद्र सरकार को घेरा

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के आतंकी हमले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार को आतंकवाद और आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा, “यह घटना साफ तौर पर इंटेलिजेंस फेलियर का परिणाम है। पर्यटकों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भाजपा सरकार द्वारा किए गए दावों के बावजूद आतंकवादी घटनाएं जारी हैं, जो सरकार की विफलता को उजागर करती हैं।
शहीदों के परिवारों को 5 करोड़ की मदद की मांग

सपा प्रमुख ने केंद्र सरकार से मांग की कि आतंकी घटनाओं में शहीद परिवारों को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता के साथ-साथ सरकारी नौकरी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार यदि तुरंत इस फैसले को लागू करती है तो वे स्वयं शहीद शुभम द्विवेदी के घर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
अग्निवीर योजना पर भी साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सेना में लागू की गई अग्निवीर योजना की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस योजना ने युवाओं का मनोबल गिराया है। गांव-गांव के नौजवान जो सेना में स्थायी सेवा के सपने देखते थे, वे अब निराश हैं। “नौजवान पक्की वर्दी और पक्की नौकरी चाहते हैं, लेकिन अग्निवीर योजना ने उनके हौसलों पर पानी फेर दिया है।”
एयरपोर्ट पर न उतरने देने का लगाया आरोप
कुशीनगर एयरपोर्ट पर उन्हें न उतरने देने के सवाल पर अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौसम साफ था, लेकिन प्रशासन ने उन्हें साजिश के तहत उतरने से रोका। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “मौसम तो ठीक था, सरकार का मौसम गड़बड़ हो गया है।”उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कुशीनगर एयरपोर्ट के निर्माण में समाजवादी सरकार का सबसे बड़ा योगदान रहा है।
मदनी मस्जिद प्रकरण में संवेदना जताई

कुशीनगर के हाटा कस्बे में अखिलेश यादव ने मदनी मस्जिद के पक्षकार शाकिर अली के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना प्रकट की। इस दौरान उन्होंने मदनी मस्जिद प्रकरण की भी विस्तृत जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
