घायल युवक अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ / आगरा : यूपी के आगरा जिले के सिकंदरा राव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो बाइक सवार युवकों ने दिनदहाड़े एक राहगीर को गोली मार दी। घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हमलावरों की तलाश तेज कर दी है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
गन्ने का जूस पीते समय युवक को मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, बिचपुरी निवासी 20 वर्षीय मिलन मजदूरी करता है। शनिवार सुबह वह देवीराम फूड सर्कल के सामने स्थित गन्ने के जूस की रेड्डी पर जूस पीने आया था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए और मिलन के पास रुके। अचानक एक युवक ने तमंचा निकालकर उसकी कनपटी पर सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही मिलन मौके पर गिर पड़ा और हमलावर तेजी से शास्त्रीपुरम की ओर भाग निकले।
घायल की हालत गंभीर, निजी अस्पताल में भर्ती
गोली लगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सिकंदरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल मिलन को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मगर, यह उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे, हमलावरों की तलाश तेज
इस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। शक के आधार पर कुछ संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।
इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारी स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर हमलावरों के बारे में सुराग जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा जल्द होगा खुलासा
आगरा पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि हमलावरों की पहचान लगभग तय कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। वहीं, परिजनों का कहना है कि मिलन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए घटना के पीछे की वजह को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
