ठिरिया निजावत खां के जंगल में चकरोड पर मिला शव, पास में मिली जहरीली दवा की शीशी, जांच में जुटी पुलिस
बरेली : यूपी के बरेली शहर के कैंट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सनसनी फैल गई। यह नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां के जंगल के चकरोड पर एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक युवक की पहचान मोहनपुर गांव की दर्जियों वाली मस्जिद के पास रहने वाले कादिर (22 वर्ष) के रूप में हुई है। शव के पास ही उसकी बाइक और थोड़ी दूरी पर एक जहरीली दवा की खाली शीशी भी मिली। पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों ने इसे साफ तौर पर हत्या करार दिया है और दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
दोस्तों के बुलावे पर घर से निकला था कादिर
परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब सात बजे कुछ दोस्त कादिर को घर से बुलाकर ले गए थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिवारजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है।
शव के पास बाइक और जहरीली शीशी, जताई साजिश की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार शव के पास कादिर की बाइक खड़ी थी और थोड़ी दूरी पर जहरीली दवा की शीशी मिली थी। पुलिस ने जब मौका मुआयना किया, तो आसपास भारी भीड़ एकत्र हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि कादिर को साजिशन जहरीला पदार्थ देकर मारा गया है। हालांकि अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी की जांच
इस घटना की सूचना पर सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव और कैंट थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, लेकिन घटनास्थल पर भीड़ अधिक होने की वजह से कोई खास सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की गहन जांच शुरू, दोस्तों की तलाश जारी
पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कादिर किसके संपर्क में था और उसे किसने बुलाया था। वहीं, जिन दोस्तों के साथ कादिर आखिरी बार देखा गया था, उनकी तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कादिर की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस एक एक बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है।
