टूंडला क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव में रंजिश का खूनी अंजाम, गांव में पसरा मातम
लखनऊ/ फिरोजाबाद : यूपी के फिरोजाबाद जिले के टूंडला थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू कुशवाहा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। शव उठाने की कोशिश करते समय गुस्साए ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। बताया जाता है कि इस पथराव में पुलिस की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं, फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
मोहम्मदाबाद गांव निवासी पप्पू कुशवाहा पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गांव के ही एक परिवार से उनका लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। शनिवार सुबह करीब 10:15 बजे जैसे ही पप्पू कुशवाहा घर से बाहर निकले, घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हत्याकांड के बाद गांव में मची अफरा-तफरी
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच-पड़ताल शुरू की। शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया गया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध किया। इसी दौरान पुलिस की गाड़ियों पर पथराव भी करने की बात सामने आई है। इससे कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा। भारी बवाल को देखकर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की हत्यारोपियों की तलाश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। टूंडला की पुलिस ने मीडिया को बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है। गांव के मुख्य मार्गों पर भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
गांव में पसरा मातम, सुरक्षा बढ़ाई गई
पप्पू कुशवाहा की हत्या के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
