बरेली : यूपी के बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र के निसरतगंज गांव निवासी सोमपाल (50 वर्ष) की शुक्रवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इससे इलाके में दहशत है। बताया जाता है कि वह घर के अंदर सो रहे थे। अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर जान ले ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। इसके साथ ही मामले की जांच में जुट गई है।
कमरे में सो रहे थे सोमपाल, छत पर था भाई

मृतक सोमपाल अविवाहित थे और अपने भाई विजेंद्र के साथ एक ही घर में रहते थे। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात विजेंद्र मकान की छत पर सो रहे थे, जबकि सोमपाल नीचे कमरे में थे। विजेंद्र की पत्नी और बच्चे पास के दूसरे कमरे में सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग जाग गए, लेकिन जब तक कोई कुछ समझ पाता, सोमपाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
परिजनों के मोबाइल फोन जब्त, कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही
इस घटना की सूचना मिलते ही सिरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। विजेंद्र के बेटे ने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू की। इसके साथ ही मृतक के परिजनों के मोबाइल फोन को भी कब्जे में लिया गया है। उनकी कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।
किसी ने नहीं देखा संदिग्ध
पुलिस ने आसपास के पड़ोसियों से भी पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी वारदात के समय किसी संदिग्ध को आते-जाते नहीं देखा। अधिकतर ग्रामीण गर्मी के चलते अपने घरों की छतों पर सो रहे थे। मृतक के परिवार का भी कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
सिरौली थाना प्रभारी राम रतन सिंह ने बताया कि मृतक के बड़े भाई रामपाल की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद सहित अन्य एंगल भी शामिल हैं। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया गया है।
गांव में फैली सनसनी, सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में चिंता
इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे गांव में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब घर में सोए व्यक्ति की सुरक्षा नहीं रह गई, तो आमजन कैसे सुरक्षित महसूस करें। लोग अब पुलिस से रात्रि सुरक्षा गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
