व्यापारियों ने जताया विरोध, बीडीए दफ्तर के बाहर किया प्रदर्शन, पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
बीडीए कार्रवाई के दौरान रोड जाम, शहर के लाखों लोग परेशान
बरेली : यूपी के बरेली में शनिवार को बड़ा हंगामा उस समय मच गया, जब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने गुलजार मेंशन मार्केट पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। पुलिस बल और बुलडोजर के साथ पहुंची बीडीए की टीम ने इज्जतनगर क्षेत्र स्थित गुलजार मेंशन मार्केट की 17 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। व्यापारियों का आरोप है कि दुकानदारों को अपनी दुकानों से सामान निकालने तक का पूरा मौका नहीं मिला। जिसके चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। इस कार्रवाई के दौरान आईवीआरआई रोड को बंद कर दिया गया। जिसके चलते वाहनों का लंबा जाम लग गया।
सुबह से चल रहा था विरोध, शाम को टूटी दुकानें
बताया जाता है कि बीडीए ने पहले ही मार्केट के ध्वस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया था। मगर, इसका व्यापारी कई दिनों से विरोध कर रहे थे। शनिवार सुबह व्यापारी बड़ी संख्या में बीडीए कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाबजूद शाम चार बजे के बाद बीडीए की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू कर दी।
नोकझोंक और विरोध के बीच चली कार्रवाई
ध्वस्तीकरण के दौरान व्यापारियों और बीडीए अधिकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। कई व्यापारियों ने अपनी दुकानों का सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते बुलडोजर ने 17 दुकानों को मलबे में बदल दिया। मौके पर सीओ पंकज श्रीवास्तव और बिथरी चैनपुर थाना पुलिस भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कुछ समय के लिए कार्रवाई उस समय रोकी गई, जब व्यापारियों के परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा बढ़ने लगा। इस दौरान दुकानदारों ने अपनी दुकानों से जरूरी सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन शाम होते ही फिर से पूरी ताकत के साथ ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया गया।
व्यापार मंडल ने जताया गहरा आक्रोश
गुलजार मेंशन मार्केट के ध्वस्तीकरण को लेकर उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी नाराजगी जताई। व्यापार मंडल ने बीडीए उपाध्यक्ष का घेराव किया और कार्रवाई को अवैध बताया। व्यापारियों ने बीडीए मुर्दाबाद के नारे लगाए और ध्वस्तीकरण को तत्काल रोकने की मांग की। हालांकि, पुलिस और अधिकारियों के समझाने के बाद व्यापारियों का आंदोलन शांत हुआ, लेकिन व्यापारियों का आरोप है कि बीडीए की ओर से सोमवार तक समाधान का आश्वासन देने के बावजूद शनिवार को ही बुलडोजर चलाकर बाजार को जमींदोज कर दिया गया।
एक नेता के स्वामित्व वाली थी मार्केट
बताया जा रहा है कि गुलजार मेंशन मार्केट सत्ताधारी दल से जुड़े हरिशंकर गंगवार के स्वामित्व में थी। इस बाजार में कई सालों से छोटे व्यापारी अपना व्यवसाय चला रहे थे। अचानक हुए इस ध्वस्तीकरण से व्यापारी सकते में हैं और उन्होंने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।
अब हर किसी की नजर आगे की कार्रवाई पर
व्यापारियों ने बीडीए की कार्रवाई के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। वहीं, बीडीए अधिकारियों का कहना है कि मार्केट अवैध निर्माण के अंतर्गत आती थी और नियमानुसार कार्रवाई की गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच और टकराव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
