बरेली : विश्व पशु चिकित्सा दिवस के अवसर पर भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर, बरेली ने रोटरी क्लब, इज्जतनगर के सहयोग से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया। इस वर्ष विश्व पशु चिकित्सा दिवस की थीम “पशु स्वास्थ्य में टीमवर्क का महत्व” थी, जो पशु चिकित्सा सेवाओं में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता को उजागर करती है।
स्कूल छात्रों और पालतू पशु मालिकों के बीच फैलाई गई जागरूकता

इस अवसर पर आईवीआरआई के पशु जनस्वास्थ्य विभाग ने प्रमुख भूमिका निभाते हुए कई गतिविधियों का संचालन किया। कार्यक्रम के तहत स्कूल छात्रों और पालतू पशु मालिकों को पशु चिकित्सकों की भूमिका, जूनोटिक (जन्तुजन्य) रोगों की रोकथाम, रेबीज के प्रति जागरूकता और टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। केन्द्रीय विद्यालय (आईवीआरआई) इज्जतनगर का दौरा कर कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों को पशु चिकित्सा विज्ञान में करियर के विविध अवसरों से अवगत कराया गया।
डॉ. हिमानी धांजे के व्याख्यान ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के तहत डॉ. हिमानी धांजे ने “पशु चिकित्सा विज्ञान का महत्व और करियर संभावनाएँ” विषय पर एक प्रेरक व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्रों को पशु चिकित्सक, शोधकर्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, उद्यमी, जनस्वास्थ्य पशु चिकित्सक, वन्यजीव चिकित्सक, सैन्य पशु चिकित्सक और आपदा राहत विशेषज्ञ जैसे करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी। व्याख्यान के बाद छात्रों के लिए एक इंटरएक्टिव क्विज का भी आयोजन किया गया। इसमें छात्रों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया।
रेबीज टीकाकरण शिविर आयोजित
इसके अतिरिक्त, रेफरल वेटरनरी पॉलीक्लिनिक, आईवीआरआई में कुत्तों के लिए एक निःशुल्क रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। पशु जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने पालतू पशु मालिकों को कुत्ते के काटने पर प्राथमिक उपचार के उपायों और समय पर रेबीज टीकाकरण की अनिवार्यता के बारे में भी जागरूक किया। शिविर में बड़ी संख्या में पालतू पशुओं का टीकाकरण किया गया।
सामूहिक प्रयासों से सफल रहा आयोजन
पूरे दिन चले कार्यक्रमों ने इस वर्ष की थीम “पशु स्वास्थ्य में टीमवर्क का महत्व” को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। छात्रों, पालतू पशु मालिकों और पशु चिकित्सा पेशेवरों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को अत्यंत सफल और प्रभावशाली बना दिया। आईवीआरआई के इस प्रयास ने न केवल पशु स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि पशु चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं को भी एक नई दिशा दी।
