लखनऊ/ वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार चौकी अंतर्गत भोजूबीर सब्जी मंडी के पास स्थित एक घर में हुआ। यहां बिजली के करंट ने खुशहाल परिवार को एक झटके में उजाड़ दिया। बताया जाता है कि सबसे पहले घर में मौजूद प्रीति बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। उनकी चीख सुनकर पति सोनू दौड़े और पत्नी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद सोनू के पिता राजेंद्र जायसवाल (65 वर्ष) ने बेटे-बहू को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी बिजली के करंट का शिकार हो गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
इस दर्दनाक हादसे के समय घर में सोनू और प्रीति की दो बेटियों में से एक, शिवांगी (09 वर्ष) स्कूल में थी, जबकि छोटी बेटी नैंसी (04 वर्ष) घर पर थी। हादसे के बाद मासूम बच्चियों की जिंदगी में गहरा अंधेरा छा गया है। एक ही पल में मां, पिता और दादा का साया उनके सिर से उठ गया।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही अर्दली बाजार चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक तौर पर इसे बिजली की तारों में गड़बड़ी या लीकेज का मामला माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों में शोक की लहर
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मोहल्ले वालों ने इस हादसे को बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक बताया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली व्यवस्था की तुरंत जांच कराई जाए और ऐसे हादसों से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
