बरेली : यूपी के बरेली जिले से एक रौंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने पिता और सौतेले भाई को सिर्फ एक लाख रुपये न देने पर दिनदहाड़े कार से कुचल कर मार डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानें पूरा मामला
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/LTuaWltV6fw?si=9bY5rz7MwPd3W26P
मंगलवार दोपहर नांद अलगनी गांव निवासी नन्हें खां (55 वर्ष) अपने बड़े बेटे मिश्रयार खां (30 वर्ष) के साथ बाइक से फरीदपुर जा रहे थे। इसी दौरान नन्हें की दूसरी पत्नी का बेटा मकसूद खां पहले से घात लगाकर सड़क पर मौजूद था। जैसे ही बाइक सामने आई, मकसूद ने तेज रफ्तार से अपनी इको कार (Eeco) बाइक में पीछे से टक्कर मारी, और उसके बाद दोनों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। पिता और सौतेले भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार
हत्या करने के बाद आरोपी मकसूद खां मौके पर अपनी कार छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पैसों को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मकसूद अपने सौतेले पिता से एक लाख रुपये की मांग कर रहा था। कई बार मना करने के बाद वह झुंझलाया हुआ था और इसी रंजिश में यह खौफनाक कदम उठाया। ग्रामीणों के अनुसार, घर में पहले से विवाद चल रहा था।
इंस्पेक्टर फरीदपुर बोले, पारिवारिक विवाद
फरीदपुर थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि “घटना प्रथम दृष्टया पारिवारिक रंजिश और आर्थिक विवाद का मामला है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। हत्या में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।”सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने वीडियो जारी कर बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
