डार्क रूम सहायक सुनील कुमार को 17,000 की रिश्वत लेते विजिलेंस की बरेली टीम ने पकड़ा, शिकायतकर्ता से 5 महीने के वेतन भुगतान के बदले मांगी थी रकम
बरेली/बदायूं : यूपी के बदायूं के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में कार्यरत डार्क रूम सहायक सुनील कुमार को रिश्वत लेते विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विजिलेंस बरेली सेक्टर की टीम ने शिकायतकर्ता की सूचना पर की है। शिकायतकर्ता ने एसपी विजिलेंस अरविंद कुमार से शिकायत कर आरोप लगाया था कि सुनील कुमार, जो लिपिक संजय के सहायक के रूप में कार्य कर रहे थे। उनसे पिछले पांच महीनों का रुका वेतन जारी करने के बदले में 17,000 रूपये की रिश्वत मांग रहे थे। यह मामला कक्ष संख्या 22, सीएमओ कार्यालय से जुड़ा हुआ था।
एक मेडिकल स्टोर से लिया हिरासत में
शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस बरेली की टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप किया। लगाया। बदायूं-बिल्सी रोड स्थित शिकायतकर्ता के घर के सामने कमला मेडिकल स्टोर से तय योजना के अनुसार 17,000 की रिश्वत लेते ही सुनील कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें आवश्यक कानूनी कार्यवाही के तहत पुलिस अधीक्षक, विजिलेंस बरेली सेक्टर कार्यालय लाया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा, आप यहां करें शिकायत
आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही विभागीय कार्रवाई भी शुरू हो गई है। विजिलेंस विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, तो उसकी शिकायत तुरंत विजिलेंस हेल्पलाइन नंबर 9454401866 पर की जाए। रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नंबर पर शिकायतकर्ता की गोपनीयता की गारंटी रखने का भरोसा दिलाया जाएगा।
![]()
