बरेली/पीलीभीत/लखीमपुर खीरी : यूपी के लखीमपुर खीरी जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लखीमपुर खीरी के संपूर्णनगर वन रेंज के शांतिनगर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बाघ ने घर में पानी पी रही महिला को हमला कर गन्ने के खेत में घसीट लिया। महिला रेशमा (पत्नी राम किशोर) का शव बुरी हालत में खेत से बरामद हुआ। घटना के बाद गांव में डर और दहशत का माहौल है। यह गांव पीलीभीत जिले के हजारा थाना क्षेत्र का है। मगर, वन रेंज सम्पूर्ण नगर में आता है।
पति के शोर मचाने से एकत्र हुए ग्रामीण
रेशमा रोज की तरह घर में पानी पी रही थी, तभी अचानक एक बाघ दरवाजे से अंदर घुस आया और उसे पकड़कर गन्ने के खेत की ओर ले गया। शोर मचाते हुए पति राम किशोर ने गांववालों को बुलाया। ग्रामीणों ने बाघ का पीछा किया, तब जाकर वह महिला का आधा खाया शव छोड़कर भागा।
वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर
सूचना मिलते ही हजारा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार के अनुसार, जांच जारी है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं हमले
यह इलाका पहले से ही बाघों के हमलों के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। इसी साल जनवरी में कृष्णा नगर गांव में भी एक महिला की बाघ के हमले में मौत हुई थी। रेशमा की मौत से गांव में मातम पसरा है। परिजन बदहवासी की हालत में हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि इस तरह के हमलों पर रोक लगे और बाघ को जल्द पकड़कर सुरक्षित क्षेत्र में भेजा जाए।
![]()
