घरेलू कलह ने ली तीन जिंदगियां, दो दिन बाद बदबू से खुला राज, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ/ बांदा : यूपी के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने हर इंसान को झकझोर कर रख दिया है। अतर्रा के आजाद नगर मोहल्ले में रहने वाले एक युवक ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, चार माह के मासूम बेटे की भी गला दबाकर जान ले ली और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीनों शव दो दिन तक कमरे में पड़े रहे और शनिवार दोपहर बदबू फैलने पर जब मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया, तो इस वीभत्स वारदात का खुलासा हुआ।
अहमदाबाद से लौटा था जितेंद्र, फोन पर दी थी आने की सूचना

मृतक जितेंद्र (23 वर्ष) कालिंजर थाना क्षेत्र के रामनगर का निवासी था और अहमदाबाद में काम करता था। उसकी शादी अप्रैल 2024 में अतर्रा के गांधी नगर निवासी गौरा (20) से हुई थी। दोनों अपने चार माह के बेटे बाबू के साथ आजाद नगर में किराए पर रहते थे। मृतका की मां ममता ने बताया कि जितेंद्र ने गौरा को फोन कर कहा था कि वह अहमदाबाद से लौट रहा है। इसी सूचना पर गौरा रात खाना बनाकर अपने कमरे में आई थी।
कमरे से बदबू ने खोला राज

मकान मालिक रामकुमार प्रजापति को कमरे से दुर्गंध आई, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर बेहद खौफनाक था। कमरे में तीनों की लाशें पड़ी। गौरा की गर्दन कटी हुई थी, बेटे बाबू का शव पलंग पर पड़ा था और जितेंद्र फंदे से लटका हुआ था।
कमरे में संघर्ष के निशान, फैला था सामान
पुलिस जांच में यह साफ हो गया कि गौरा ने अपनी और बेटे की जान बचाने के लिए संघर्ष किया था। कमरे में कपड़े, बाल्टी, चूल्हा और 20 लीटर पानी का ड्रम बिखरा पड़ा था। पुलिस को खून से सना चाकू भी मौके से मिला है। इससे यह स्पष्ट होता है कि हत्या के पहले काफी हाथापाई हुई।
सुसाइड नोट में लगाए सास-ससुर पर गंभीर आरोप
पुलिस को जितेंद्र का लिखा हुआ एक सुसाइड नोट मिला है, जिसे उसने अपने भाई को मोबाइल पर भेजा था। इस नोट में उसने सास ममता देवी और ससुर सवालिया पर मारपीट करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने लिखा “मैं बहुत परेशान हूं, अब मरने के सिवा कोई रास्ता नहीं बचा।”हालांकि क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव का कहना है कि मौके पर कोई फिजिकल सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन मोबाइल पर मिला संदेश गंभीर जांच का विषय है।
मृतका की मां ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
गौरा की मां ममता देवी ने अपने दामाद जितेंद्र पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और अंततः हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही वह बेटी को आए दिन मारता-पीटता था। पांच महीने पहले दोनों रामनगर में रह रहे थे, लेकिन झगड़े के कारण अलग होकर किराए के मकान में आ गए थे। मौके पर एसपी पलाश बंसल और एएसपी शिवराज पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने खून के सैंपल, चाकू और मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कॉल डिटेल्स, परिवारजन और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है।
