लखनऊ/जौनपुर : यूपी के जौनपुर में शनिवार रात एक बड़ी और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पुलिस की चेकिंग के दौरान गौ तस्करों ने एक कांस्टेबल को वाहन से रौंद दिया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर करीब 60 किलोमीटर तक तस्करों का पीछा किया, जो वाराणसी तक जा पहुंचा। वहां मुठभेड़ में एक तस्कर मार गिराया, जबकि दो अन्य आरोपी के पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस चेकिंग के दौरान रौंदी गई टीम

घटना शनिवार रात करीब 12:00 बजे की बताई गई है। जौनपुर जिले के खुज्जी मोड़ पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप आता दिखाई दी। वाहन चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी तेज करते हुए पुलिस टीम पर चढ़ा दी। कांस्टेबल दुर्गेश, जो वाहन को रोकने का प्रयास कर रहे थे, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। यहां करीब एक बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्गेश की शहादत से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
60 किलोमीटर का पीछा, फिर मुठभेड़

इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए बदमाशों का पीछा शुरू किया। लगभग 60 किलोमीटर की दूरी तय कर पुलिस टीम वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में बदमाशों तक पहुंची। वहां बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ में कोटवा थाना, जौनपुर के जलालपुर गांव निवासी सलमान को गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दो बदमाश घायल, एक की तलाश जारी

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पुलिस
मुठभेड़ में घायल हुए अन्य दो बदमाशों की पहचान नरेंद्र यादव निवासी चौबेपुर, वाराणसी) और गोलू यादव निवासी अलीनगर टडिया, थाना अलीनगर, चंदौली के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोली लगी है और वे इलाजरत हैं। पुलिस के अनुसार कुछ अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है।
हथियार और संदिग्ध सामग्री बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई गौ तस्करी और पुलिस पर हमले जैसे गंभीर अपराधों के विरुद्ध सख्त संदेश है।
शहीद कांस्टेबल दुर्गेश को श्रद्धांजलि
जौनपुर के बहादुर कांस्टेबल दुर्गेश की शहादत को सलाम करते हुए पुलिस विभाग ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा आने वाले पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।
![]()
