हैदराबाद (तेलंगाना) : रविवार सुबह हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार के पास स्थित गुलज़ार हाउस इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक दर्जन भर अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, प्रिंट मीडिया के अखबारों की वेबसाइट पर आठ लोगों की बात की न्यूज है, तो वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कई प्रमुख चैनल 17 लोगों की मौत की बात कह रहे हैं। मगर, The Justice Hindi इसकी पुष्टि नहीं करता। इस हादसे में 20 से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। इसमें बच्चे भी शामिल हैं, झुलसने और दम घुटने के कारण घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
आग लगने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचीं दमकल टीमें

सुबह के समय जब इलाके में हलचल शुरू ही हुई थी, तभी गुलज़ार हाउस के पास एक इमारत से धुआं उठता देखा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि इमारत में आग लगने के बाद लोग अंदर फंस गए थे, जिनमें से कई दम घुटने की वजह से बेहोश हो गए थे।
बेहोश मिले लोग, अस्पताल में भर्ती

दमकल कर्मियों और स्थानीय पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दर्जनों लोगों को इमारत से बाहर निकाला। बचाव के दौरान कई लोग बेहोशी की हालत में मिले, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने जताया दुख

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि प्रशासन को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए गए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और AIMIM विधायक मुमताज अहमद खान ने भी घटनास्थल का दौरा किया और हालात का जायज़ा लिया।
आग के कारणों की जांच शुरू, लापरवाही की आशंका

हालांकि, आग लगने के कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट इसकी वजह हो सकता है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।
स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर
घटना के बाद से GHMC (ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन) और स्थानीय प्रशासन ने आसपास की इमारतों की जांच शुरू कर दी है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जा रहा है।
![]()
